कोई परिणाम नहीं मिला

    बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना

    बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना
    -विनोद सिल्ला

          प्रत्येक शादी में वर और वधु दोनों पक्ष हर संभव यह प्रयास करते हैं कि शादी का कार्यक्रम सुख-शान्ति से संपन्न हो जाए। दोनों ही पक्ष वैवाहिक कार्यक्रम को अब्दुल्लाओं से बचाना चाहते हैं। लेकिन प्रत्येक शादी में अब्दुल्ला दीवाना हो कर पहुँच ही जाता है। पहुँचता ही नहीं बल्कि अपनी उपस्थित दर्ज भी करवाता है। कभी वह दारू पीकर बेवजह झगड़ा करके दीवाना होने का प्रमाण प्रस्तुत करता है। कभी वह अन्य किसी तरह की उलूल-जलूल हरकत से अपनी दीवानगी के प्रमाण देता। हर बार अब्दुल्ला बेगानी शादी में कुछ न कुछ ऐसा जरूर करता है, जो चर्चा का विषय बने। हरियाणा-पंजाब में तो बड़ी संख्या में महिलाएं भी अब्दुल्ला की भूमिका अदा करती हैं। की महिला तो बेगानी शादी में इतनी दीवानी हो जाती हैं। पूरे गाँव या मुहल्ले में बता कर आएंगे फलां की शादी में दहेज ये दिया, वो दिया। फलां ने कुछ भी नहीं दिया। उनकी बहू यह लाई, उनकी बहू वह लाई। उनकी शादी में यह हुआ। उनकी शादी में वह हुआ। जो पहाड़ का राई और राई का पहाड़ बना कर ही दम लेती हैं। इनकी भी अपने कानाफूसी के कार्य के प्रति दीवानगी भी हद दर्जे की होती है। आज अब्दुल्लाओं के बारे में ही चर्चा करेंगे। जो बेचारा प्रत्येक शादी को चर्चा में लाने के लिए हर संभव प्रयास करता है। 
           आमतौर पर कहा और सुना जाता है कि जब मियां-बीवी राजी तो क्या करेगा काजी? शादी वर-वधु का बेहद निजी मामला होता है। लेकिन प्रत्येक व्यक्ति काजी बन कर निर्णय सुनाने लगता है। भले ही मीयां-बीवी राजी हों परन्तु अब्दुल्ला राजी नहीं होता। इसलिए ही वह जब से शादी की व्यवस्था प्रचलन में आई है, तब से दीवाना हो कर हाए-तौबा कर रहा है। अब्दुल्ला सबसे पहले वर-वधु के धर्म की जांच पड़ताल करता है। दोनों एक ही धर्म-मजहब से ताल्लुक हैं तो, उनकी जाति की पड़ताल की जांच-पड़ताल की जाती है। दोनों सजातीय हैं तो उनकी उम्र, क्षेत्र, भाषा व नागरिकता पता नहीं क्या-क्या जांचा जाता है? प्रत्येक अब्दुल्ला ने अपने-अपने मापदण्ड तय कर रखे हैं। प्रत्येक की अपनी-अपनी कसौटी है। जिस पर दुनियाभर के लोग परख लिए जाते हैं। नहीं परख पाता तो सिर्फ अब्दुल्ला स्वयं को परख नहीं पाता कि दीवाना क्यों?
           प्रशासनिक अधिकारी ज्योति मौर्या और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आलोक मौर्या की शादी हुई। फिर उनकी खटपट हुई। आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। अब्दुलाओं ने खूब मौर्चा संभाला। सबसे बड़े अब्दुला तो मीडिया कर्मी साबित हुए। जिन्होंने घर की बात, घर घर पहुंचाकर प्रत्येक घर में अब्दुल्लाओं की फौज त्यार कर दी। अब्दुल्ला शोले फिल्म का डायलॉग सुनकर आधे ऊधर और आधे इधर हो गए। यानि कि कुछ अब्दुल्ला ज्योति मौर्या के पक्ष में, बाकि आलोक मौर्या के पक्ष में। कुछ अब्दुल्ला तो इतने पहुँचे हुए निकले कि ज्योति मौर्य और आलोक मौर्या के विवाह का निमंत्रण-पत्र बाल-बच्चे होने के बाद इतने वर्षों बाद भी खोज लाए। सिर्फ निमंत्रण-पत्र खोजा ही नहीं बल्कि उसमें मीन-मेख भी निकाल डाली। 
            मीडिया कर्मी यानि कि अब्दुल्लाओं का संगठित समूह आलोक मौर्या व ज्योति मौर्य की शादी के प्रति दिवानगी से बाहर आए भी नहीं थे। एक नई और विचित्र शादी सामने आ गई। यह सचिन मीणा-सीमा हैदर-गुलाम हैदर की त्रिशंकु शादी है। आज तक त्रिशंकु लोकसभा, त्रिशंकु विधान सभा सुनी होगी। लेकिन त्रिशंकु शादी पहली बार देख अंर सुन रहे होंगे। इस शादी में दिवानगी में पागल अब्दुल्ला पूरे एशिया में एक्टिव हो गए। मीडियाकर्मियों ने सीमा हैदर और गुलाम हैदर का घर का झगड़ा पूरे एशिया में घर-घर पहुँचा दिया। और हाँ सीमा हैदर और गुलाम हैदर के बच्चों का चर्चा करना तो भूल ही गए। उनको भारतीय मीडिया कर्मी यानि अब्दुल्लाओं का समूह खूब दुलार रहा है।
           IAS की परीक्षा में टीना ढाबी ने प्रथम रैंक प्राप्त किया तो वह चर्चा का विषय बनी। उसके बाद वह फिर चर्चा का विषय बनी। जब उसने IAS की परीक्षा में दूसरा रैंक प्राप्त करने वाले मुस्लिम युवक से शादी की। कुछ अब्दुल्ला तो धर्म का चश्मा लगाकर हाए-तौबा कर रहे थे। बाकी के जाति का चश्मा लगाकर। उसके बाद वह एक बार फिर चर्चा का विषय बनी। जब उसका अपने पति से अलगाव हो गया। जब उसने दूसरी शादी की तब भी चर्चा का विषय बनी। अब अब्दुल्ला वर-वधु की आयु को लेकर हाए-तौबा कर रहे थे। जबकि टीना ढाबी का प्रथम शादी करना, प्रथम पति से अलगाव, दूसरी शादी अपनी आयु से बड़े अपने वरिष्ठ IAS से करना। सभी उसके निजी फैसले थे। लेकिन फिर भी जाने क्यों अब्दुल्लाओं ने बेवजह अत्यधिक हाए-तौबा की।
         सन 2012 में भी अब्दुल्लाओं ने खूब हाए-तौबा की। जब विश्व विख्यात टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने पाकिस्तान के क्रिकेटर सोहेब मलिक से शादी की, तब वर-वधु दोनों ही मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक थे। तब हाए-तौबा विशेष प्रशिक्षण प्राप्त अबदुल्लाओं ने की। तब हाए-तौबा का विषय था सोहेब मलिक का पाकिस्तानी होना था। हाए-तौबा पर तड़का आयशा ने भी लगाया। जबकि यह निर्णय सोहेब मलिक व सानिया मिर्जा का बेहद निजी मामला था। वर पक्ष और वधु पक्ष ने शादी को भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के अब्दुल्लाओं से बचाने के उद्देश्य से वैवाहिक कार्यक्रम तीसरे देश में किया। जहाँ अब्दुल्लाओं का पहुँच पाना मुश्किल था। तो उस समय अब्दुल्लाओं ने हाए-तौबा की रस्म टी.वी. चैनलस पर पहुंच कर पूरी की।
    वर्तमान में भी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डॉक्टर गुरप्रीत कौर की शादी को लेकर उत्तरी भारत के तमाम अब्दुल्ला पूरी तरह सक्रिय हैं। इस शादी में दोनों परिवार सिख धर्म से संबंध रखते इसलिए धार्मिक मामला नहीं बना पाए। दोनों परिवार सजातीय हैं। जाति का मामला नहीं बना पाए। अब्दुल्लाओं ने भगवंत सिंह मान की आयु को मुद्दा बना लिया। जबकि शादी का मामला भगवंत सिंह मान और डॉक्टर गुरप्रीत का बेहद निजी मामला है। ऐसे मुबारक मौके पर वर-वधु को देनी तो मुबारकबाद चाहिए।इस अवसर पर अब्दुल्ला को दीवाना होने का कतई हक नहीं। लेकिन अब्दुल्ला है कि मानता ही नहीं। वह दीवाना हो कर हाए-तौबा कर रहा है।
    प्राचीन समय में बहुत सी शादियाँ हुई। जिन पर उस समय अब्दुल्ला दीवाना नहीं हो पाया। वर्तमान में अब्दुल्लाओं को इस बात का अफसोस है कि वे उस समय पैदा क्यों नहीं हुए? अगर उस समय पैदा होते तो अकबर-जोधा की शादी पर जमकर हाए-तौबा करते। इंदिरा गांधी व फिरोज, राजीव गांधी व सोनिया गांधी और प्रियंका-राबर्ट वाड्रा की शादी पर भी अब्दुल्ला अब तक हाए-तौबा मचा रहे हैं। अब्दुल्ला इलैक्ट्रोनिक मीडिया, प्रिंट मिडिया तो कभी साहित्य लेखन में। जहाँ उसका मौका लगता है। डटकर हाए-तौबा मचाता है। जो कतई ठीक नहीं। अब्दुल्ला अपनी सोच बदल। इक्कीसवी सदी से कदम-ताल मिला। सोलहवीं-सत्रहवीं शताब्दी बहुत पीछे छुट चुकी है। तू कलैंडर बदलता-बदलता स्वयं को बदलना भूल गया। अब खुद को बदल। हाए-तौबा छोड़कर सकारात्मक बात कर। सकारात्मकता ही कल्याणकारी है। अब्दुल्ला थोड़े कहे को अधिक समझना। अलविदा।

    -विनोद सिल्ला

    771/14, गीता कॉलोनी
    नजदीक धर्मशाला
    डांगरा रोड़, टोहाना
    जिला फतेहाबाद हरियाणा 125120

    एक टिप्पणी भेजें

    Thank You for giving your important feedback & precious time! 😊

    और नया पुराने

    संपर्क फ़ॉर्म